ऊंचाहार में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय द्वारा आयोजित कथा में शामिल हुए सीएम योगी, पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से सुनी शिव महिम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय के संरक्षण में 11 से 17 सितंबर तक आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में मुख्यमंत्री ने पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से शिव महापुराण की कथा का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से कथा स्थल पहुंचे। उनके आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। उन्होंने कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच बैठकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन धर्म में भगवान शिव के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “हमारे सनातन धर्म की यही बड़ी पूंजी है, क्योंकि शिव की पहचान हमारे लिए यही है कि लोकमंगल के लिए जो विष है, वह भी वो धारण करते हैं।” उन्होंने भगवान शिव के त्याग, तपस्या और लोककल्याणकारी स्वरूप का उल्लेख करते हुए सनातन परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डाला।
लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना आयोजन
ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में टोल प्लाजा के समीप आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा से पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा में भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया था। कथा स्थल पर प्रतिदिन शिवभक्तों की भीड़ पहुंच रही है और पूरा क्षेत्र धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।
प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा शिव महापुराण कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा, सनातन परंपरा और धर्म के विभिन्न प्रसंगों को सुनने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
सीएम के आगमन से बढ़ा उत्साह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में शामिल होने से आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया। मंत्री मनोज पांडेय की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। कथा स्थल के आसपास सुरक्षा बल तैनात रहे और कार्यक्रम में आने-जाने वाले लोगों की व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखी गई।

श्री शिव महापुराण कथा अब केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि ऊंचाहार क्षेत्र में सनातन आस्था, सामाजिक सहभागिता और शिवभक्ति का बड़ा केंद्र बनती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी ने इस आयोजन को और अधिक चर्चा में ला दिया।
