रायबरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने रायबरेली में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री एवं एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के जिला अध्यक्ष बुद्धी लाल पासी ने रायबरेली से सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी की। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।
भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है और ऐसे बयानों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाना चाहिए। वहीं, कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष की टिप्पणी को लेकर विपक्षी दलों ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
समाचार लिखे जाने तक भाजपा की ओर से जिला अध्यक्ष की टिप्पणी पर कोई अलग आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई थी। वहीं, कांग्रेस की ओर से भी इस मामले पर कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया था।
यह मामला अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है और आने वाले दिनों में इस पर दोनों दलों के बीच बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

